घर पर ही बड़ी आसानी से बनाएं स्वादिष्ट सेब की जैम


बाजार में मिलने वाली मिलावटी सेब की जैम से उकता गए हों तो आप एक बेहतरीन सेब की जैम घर में भी बना सकते हैं। यहां हम आपको इसे बनाने की एक बेहद आसान विधि बता रहे हैं।

आवश्यक सामग्री

सेब एक किलोग्राम

चीनी 750 ग्राम

पानी दो कप

नींबू का रस दो छोटी चम्मच

बनाने की विधि

सबसे पहले सेब को धोकर पोंछ लें। फिर सेबों को छील लें। छिले सेब को टुकड़े में काट लें और सभी बीजों अलग कर लें।

मोटे तल की कड़ाही में पानी उबलने के लिए रखें। अब इसमें सेब के टुकड़ों को डाल दें और ढंक कर तब तक उबालें जब तक कि सेब नरम न हो जाए। उबले हुए सेब को अलग बरतन में लें और कलछी से अच्छी तरह से मसल दें। चाहें तो सेब को मिक्सी में भी पीस सकते हैं।

अब मसले हुए सेब के गूदे और चीनी को कड़ाही में लेकर पकाएं। इसे चलाते रहें। जैम तैयार हुआ या नहीं, यह देखने के लिए चम्मच में थोड़ा जैम लें और उसे एक बरतन में गिराएं। अगर जैम एक साथ गिरता है तो समझें जैम तैयार हो गया है। अब इसे चूल्हे से नीचे उतार लें। हल्का ठंडा होने के बाद इसमें नींबू का रस अच्छी तरह से मिलाएं। पिसी हुई इलायची भी मिलाई जा सकती है। पूरी तरह से ठंडा होने के बाद आप इसे किसी अच्छे से सीलबंद जार में रख दें। फ्रिज में रखकर इसका प्रयोग छह महीने तक किया जा सकता है।



Mediabharti