मोटे अनाज से बनाया सौ किलोग्राम का गोल्ड बर्गर!


आगरा : पांच सितारा होटल ग्रांड मर्क्यूर के नाम एक और बड़ा खिताब तब जुड़ गया जब यहां 'दुनिया का सबसे बड़ा गोल्ड बर्गर' बनाया गया। इसका वजन लगभग 100 किलोग्राम था। खास बात यह है कि इस बर्गर में भी ज्यादातर मोटे अनाज का इस्तेमाल किया गया। साथ ही, इस बर्गर पर सोने के वर्क का भी इस्तेमाल किया गया।

होटल के महा प्रबंधक विवेक महाजन ने बताया कि बर्गर जैसे फास्ट फूड खाने से बीमारियां होती हैं। लेकिन, हमने एक बर्गर ऐसा भी बना दिया है जिससे कोई बीमारी नहीं बल्कि शरीर को फायदा ही फायदा मिलेगा। इस बर्गर को बनाने के लिए ज्यादातर मोटे अनाज का इस्तेमाल किया गया है। इसमें मुख्य रूप से बाजरा, रागी, कंगनी, खीरा और टमाटर के अलावा कई अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया गया है।

महाजन के अनुसार, मोटे अनाज से गोल्ड बर्गर बनाने का मुख्य उद्देश यह था कि लोग मोटे अनाज को लेकर जागरूक हों और घर में भी ज्यादा से ज्यादा मोटे अनाज का इस्तेमाल करें। इस बर्गर को बनाने के बाद शहर के सैकड़ों बच्चों को खिलाया गया। बर्गर खाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी देखते ही बन रही थी।

होटल के कार्यकारी शेफ प्रमोद कुमार ने बताया कि इस बर्गर को बनाने के लिए कई दिन पहले से तैयारी की जा रही थी। बर्गर बनाने के लिए देश में प्रसिद्ध होशियारपुर के  ‘बर्गर चाचू’ उर्फ शरणदीप सिंह को खास तौर पर बुलाया गया है। ‘बर्गर चाचू’ और होटल स्टाफ की सहायता से यह बर्गर बनकर तैयार हो सका।


Mediabharti